आग से कई जगह मची तबाही, कई बीघा गेहूं की फसल राख
मानिकचंद। रुधौली थाना क्षेत्र के हरिदास चौधरी इंटर कॉलेज रामबारी के बगल स्थित गेहूं की फसल में रविवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते गेहूं की फसल राख हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से खेत के किनारे जोत कर आग पर काबू पाया।
आग में रामबारी गांव निवासी मुक्तिनाथ का दो बीघा, श्रीराम का दो बीघा और प्रशांत की दो बीघा फसल नष्ट हुई है। सूचना पर जब तक फायर बिग्रेड तथा पुलिस की टीम पहुंची, तब तक क्षेत्र के ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। उधर, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत केऊवां जप्ती में झोपड़ी में रखा सामान जल गया। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग में राम सुमेर की रिहायशी झोपड़ी तथा श्यामलाल का सामान जलकर नष्ट हो गया। दोनों घटनाओं की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है।
टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार, गौर थाना क्षेत्र के कर्मी गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग गांव के पश्चिम बांस के कई पेड़ जलकर राख हो गए। रविवार की शाम छह बजे अचानक लगी आग की जानकारी फायर सर्विस व थाने को दी गई। ग्रामीणों ने अपने प्रयास से ही आग पर काबू पा लिया।