अयोध्या कैंट स्टेशन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अयोध्या कैंट स्टेशन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते रेलवे बोर्ड ने बस्ती से प्रयागराज जाने वाली मनवर-संगम एक्सप्रेस ट्रेन को 31 दिसंबर तक निरस्त कर दिया है।
मनवर संगम एक्सप्रेस ट्रेन के निरस्त होने से प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुंभ मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि बस्ती से एक ही एक्सप्रेस ट्रेन प्रयागराज के लिए चलती है। इसके अलावा मनकापुर से कटरा के रास्ते अयोध्या कैंट जाने वाली अप और डाउन मेमू गाड़ी आठ जनवरी तक निरस्त रहेगी। 20 और 27 दिसंबर और तीन जनवरी को गोरखपुर से चलने वाली गोरखपुर-जोधपुर विशेष एक्सप्रेस ट्रेन व अहमदाबाद-दरभंगा विशेष एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रहेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या कैंट स्टेशन पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते बस्ती से चलने वाली मनमर संगम एक्सप्रेस के साथ मनकापुर-अयोध्या मेमू ट्रेन को रेलवे बोर्ड ने कुछ दिनों के लिए निरस्त कर दिया है।