गौर। बस्ती-गोंडा रेलखंड के बीच स्वामीनारायण छपिया-मसकनवा-लखपतनगर और मनकापुर रेलवे स्टेशन के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य पूरा हो गया है। प्रयागराज मनवर संगम एक्सप्रेस का संचालन सोमवार से शुरू होगा। भटनी-अयोध्या मेमू पैसेंजर ट्रेन का संचालन रविवार से हो गया। गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन अभी निरस्त है। डायवर्ट ट्रेनों का संचालन बस्ती के रास्ते शुरू हो गया है।
गोरखपुर गोंडा अप और डाउन पैसेंजर ट्रेन निरस्त होने से गोरखपुर से गोंडा के बीच छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्री परेशान हैं। उन्हें विकल्प ढूंढने पड़ रहे हैं। इससे यात्रा का खर्च बढ़ गया है और समय भी ज्यादा लग रहा है। नवरात्र प्रारंभ होने से आवाजाही बढ़ गई है। 11 अक्तूबर को गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस को कटरा-अयोध्या धाम के बजाय परिवर्तित मार्ग मनकापुर-गोंडा-बाराबंकी के रास्ते चलाई गई। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन अयोध्या धाम और कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव निरस्त रहा।
ये ट्रेनें देरी से चलीं
बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते गुजरने वाली अधिकांश एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से संचालित हुई। जिससे ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर बैठना पड़ा और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे समय सारणी के अनुसार रविवार को बांद्रा मुंबई से आने वाली डाउन अवध एक्सप्रेस ट्रेन को सुबह 9:08 बजे स्टेशन पर पहुंचने का समय था। लेकिन 5:10 घंटे विलंब होने से यह ट्रेन दोपहर 2:17 बजे के बाद आई। जबकि बाघ एक्सप्रेस 3:30 घंटे, चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस 1:40 घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल 2 घंटे, बरौनी राप्ती सागर 1 घंटे, दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस 1:50 घंटे, मुंबई सेंट्रल कटिहार स्पेशल 1 घंटे और आनंद विहार पूर्णिया कोर्ट स्पेशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 5 घंटे की देरी से संचालित हुई।
गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बीच स्वामीनारायण छपिया से मनकापुर रेलवे स्टेशन तक चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और नॉन इंटरलॉक कार्य समाप्त हो गया है, रेलवे प्रशासन की ओर से निरस्त व डायवर्ट की गई ट्रेनों का संचालन बहाल हो गया है, जबकि गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन अभी भी निरस्त चल रही है। -सुमित कुमार, सीपीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर