मंदिर से हनुमान की मूर्ति का चांदी का मुकुट चोरी
एक वर्ष पूर्व भी इसी मंदिर से चांदी का मुकुट व घंटे की हुई थी चोरी
बभनान (बस्ती)। पैकोलिया थानाक्षेत्र के सरनागी गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने हनुमान की मूर्ति से चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। शनिवार सुबह ग्रामीण मंदिर पर दर्शन करने गए तो घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई है।
गांव के आशीष कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के उत्तर तरफ प्राचीन हनुमान मंदिर है। शुक्रवार रात चोरों ने हनुमान की मूर्ति पर लगे चांदी के मुकुट को मंदिर का ताला तोड़कर उठा ले गए। सुबह जब मंदिर पहुंचे तो चैनल का ताला टूटा देख मंदिर के पुजारी सहित अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। हनुमान की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट नहीं था। तहरीर में बताया गया कि एक वर्ष पहले भी इसी मंदिर के हनुमान की मूर्ति का चांदी का मुकुट चोरी किया जा चुका है। इसकी शिकायत थाने पर की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। थानाध्यक्ष पैकोलिया प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर में मुकुट चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।