मंडी के बाहर कारोबार नहीं कर सकेंगे थोक व्यापारी
अपर मुख्य सचिव ने जारी किया पत्र, मंडी के बाहर थोक दुकान सजाने वालों पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। अभी तक आसानी से मंडी के बाहरी इलाके में थोक का कारोबार करने वालों पर शासन ने शिकंजा कसा है। ऐसे व्यापारी जो मंडी परिसर के बाहर दुकान सजा कर कारोबार करते हैं उनके खिलाफ अब प्रशासन कार्रवाई करेगा। अपर प्रमुख सचिव देवेश चतुर्वेदी ने यह निर्देश जारी करते हुए जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। पत्र में इन स्थितियों से उत्पन्न हो रहीं समस्याओं का भी हवाला दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि मंडी प्रशासन ने थोक व्यापारियों को मंडी परिसर में कई सुविधाएं मुहैया करा रखीं हैं। बावजूद इसके कई व्यापारी ऐसे हैं जो परिसर से बाहर नियम का उल्लंघन कर थोक व्यापार संचालित करते हैं। इससे मंडी की आय भी प्रभावित हो रही है। समस्याओं और आय पर प्रभाव को देखते हुए अपर प्रमुख सचिव ने मंडी परिसर के बाहर फल, सब्जी व गल्ला का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिससे एक स्थान पर ही थोक का कारोबार हो। इस पर नियंत्रण के लिए अपर प्रमुख सचिव पुलिस से भी सहयोग लेने का निर्देश दिया है।
सचिव मंडी परिषद राजित राम वर्मा ने कहा कि मंडी परिसर के बाहर कई थोक व्यापारी कारोबार करते हैं। इसकी शिकायत शासन स्तर पर हुई थी, जिसे संज्ञान में लेकर अपर प्रमुख सचिव ने निर्देश जारी किया है।