ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
बभनान (बस्ती)। बभनान रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेलवे गेट संख्या 222/ए के समीप युवक का शव मनकापुर जीआरपी ने बरामद किया।
बुधवार को डाउन ट्रैक किनारे शव देख लोगों ने इसकी सूचना बभनान रेलवे स्टेशन पर दी। बाद में मौके पर पहुंची जीआरपी मनकापुर शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई। हालांकि शव की शिनाख्त करने में जीआरपी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटनास्थल पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई। इसी बीच एक आदमी ने उसकी शिनाख्त गोंडा जनपद के खोडारे थाना क्षेत्र अंतर्गत केशव नगर ग्रंट निवासी रामपाल (19) के रूप में की।
सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और पहचान की। परिजनों ने बताया कि रामपाल मंगलवार शाम ही को घर से निकल गए थे। कब यहां पहुंच गए, इसके बारे में घर वालों को कुछ भी पता नहीं। बाद में जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोंडा भेज दिया।
चौकी प्रभारी जीआरपी मनकापुर अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार सुबह डाउन ट्रैक से मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी बीच ट्रेन की चपेट में आने से रामपाल की मौत हो गई। ट्रेन का चालक गौर रेलवे स्टेशन पर मेमो देकर घटना की जानकारी दी।