बस्ती। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने एसआईआर को लेकर निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
मतदाता सूची पूरी तरह से पारदर्शी और त्रुटिरहित तैयार की जाए। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला शुद्ध मतदाता सूची ही है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। निर्देश दिए कि नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जाए। इसके अलावा नाम संशोधन, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य भी प्राथमिकता पर कराए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने- अपने क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म- 8 का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराए।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो समय रहते संबंधित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सुधार कराएं। इस मौके पर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान आदि मौजूद रहे। संवाद