बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह जिला खेल मैदान में रविवार को बस्ती वेटरेंस क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 20-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मुकाबला बस्ती और महाराजगंज जिले की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक संघर्ष के बाद महाराजगंज ने मेजबान बस्ती को एक विकेट से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
राष्ट्रगान के बाद टॉस जीतकर बस्ती ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। कप्तान रवि उपाध्याय की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत बस्ती ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 166 रन बनाए। जवाब में महाराजगंज की टीम ने संघर्षपूर्ण स्थिति में लक्ष्य का पीछा किया। मैच के शुरुआती 10 ओवरों तक बस्ती की पकड़ मजबूत रही। महाराजगंज के आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे, लेकिन अंतिम ओवरों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया और मैच को रोमांचक मोड़ दे दिया।
आखिरी ओवर में महाराजगंज ने एक विकेट से जीत दर्ज की। महाराजगंज के अभिषेक ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए बल्लेबाजी में 10 रन बनाए और गेंदबाजी में तीन ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, महाराजगंज के बल्लेबाज नफीस ने 63 रनों की दमदार पारी खेली। बस्ती की ओर से कप्तान रवि उपाध्याय ने 76 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि गेंदबाज रवि तिवारी ने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर चार विकेट झटके।
अंपायर की भूमिका खालिद खान और ऋषभ शुक्ला ने निभाई। पुष्पेश पांडेय ने मैच की लाइव कमेंट्री की, जबकि बृजेश कुमार स्कोरर रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा और समाजसेवी जीडी मिश्र ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जबकि समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने विजेता और उपविजेता टीमों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।