330 दुकानों के लिए प्राप्त हुए 6186 आवेदन, आवंटन से पहले मिला 31 करोड़ राजस्व
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में मदिरा दुकानों के आवंटन के लिए 6 मार्च को अटल प्रेक्षागृह में ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से दो प्रेक्षक भी भेजे जा रहे हैं। इसमें एक आईएएस अफसर और दूसरे आबकारी विभाग के सहायक आबकारी आयुक्त स्तर के अधिकारी शामिल रहेेंगे। इस बार दुकानों के आवंटन से पहले ही विभाग आवेदन से अच्छा खासा राजस्व प्राप्त हुआ है। जनपद में 31 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि डीएम रवीश कुमार के निर्देशन ऑनलाइन लॉटरी निकालने की प्रक्रिया दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएगी। 3:45 बजे तक सभी दुकानों की लॉटरी निकाल दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार अंग्रेजी और बीयर की संयुक्त दुकान आवंटित की जा रही है। इस तरह के कंपोजिट दुकानों की संख्या 128 है।
इनके लिए 2031 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि देसी मदिरा की 198 दुकानों के लिए 4104 आवेदन मिले हैं। चार मॉडल शॉप के लिए 62 आवेदन फार्म प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि डीएम/लाइसेंस प्राधिकारी की अध्यक्षता में ई-लाॅटरी की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। आवेदनों की कुल संख्या 6197 हैं। सभी आवेदक नियत समय पर प्रेक्षागृह में उपस्थित हो सकते हैं। प्रवेश द्वार पर पहचान के लिए आवेदक द्वारा ई-लाॅटरी पोर्टल से निर्गत फोटोयुक्त पंजीकरण दिखाना अनिवार्य होगा।