ऑनलाइन जुए में हारी रकम तो किया लूट का नाटक
सोनहा (बस्ती)। सोनहा थानाक्षेत्र के तेलियाडीह पिटाउट गांव के बीच हुई 39 हजार पांच सौ रुपये के लूट की घटना फर्जी निकली। ऑनलाइन जुए में सारी रकम हार जाने की वजह से युवक ने खुद कहानी रच दी, ताकि उसको परिवार वालों से डांट न मिले। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके घर के पास की झाड़ी से उस रकम में से 31 हजार रुपये बरामद कर लिए।
एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि लूट की घटना बताने वाले सोनहा थाने के बस्तिया गांव निवासी अमर कुमार के बयानों पर शक हुआ। उसके बाद जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो पता चला कि उसने तीन पत्ती वाला ऑनलाइन जुआ खेला था, जिसमें वह साढ़े 39 हजार रुपये अपने खाते से हार गया। इस रकम की भरपाई के लिए वह घरेलू कार्य के लिए बैंक में रखी रकम निकालकर लाया और उसमें से 31 हजार रुपये झाड़ी में छिपाकर लूट होने का नाटक रच डाला।
ऐसा करने के पीछे उसकी नीयत परिवार वालों की डांट से बचना था। इस वर्कआउट में एसएचओ रामकृष्ण मिश्र और टीम की भूमिका अहम रही।