सेंट जेम्स व सेंट बेसिल चर्च में हुई प्रार्थना सभा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रभु यीशु का जन्म होने पर रविवार रात को ईसाई समाज में खुशियां छा गईं। गिरजाघरों में घंटे बजने लगे। मैरी क्रिसमस, हैपी क्रिसमस की आवाजें चारों ओर गूंज उठीं, कैरोल गीत गाए गए। शहर के गिरजाघरों में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर विशेष प्रार्थना सभा की गई। ईसाई समाज के लोगों ने एक दूसरे को प्रभु यीशु के जन्म की बधाइयां दीं। वहीं घरों और गिरजाघरों में केक काटे गए।
कचहरी स्थित सेंट जेम्स चर्च और पुराना डाकखाना मोहल्ले के निकट स्थित सेंट बेसिल्स चर्च में खास उत्सव मनाया गया। सेंट जेम्स चर्च के फादर रेव इए स्टर्लिंग की देखरेख में विशेष प्रार्थना सभा की गई। मेरा मसीहा बोलो जय, देखो चरणी में यहूदा नगरी में, चरवाअने नाचे झूमके गाए, गीतों को गाकर जन्म की खुशियां बांटी गई।
इस मौके पर केक काटकर एक दूसरे को केक खिलाने की रस्म पूरी की गई। फादर ने कहा कि पाप और बुराई की दासता में फंसी मानव जाति को मुक्ति दिलाने के लिए प्रभु ईसा मसीह का जन्म हुआ था। प्रेम, शांति, सेवा भाव, मेल मिलाप, क्षमा आदि सद्गुणों से भरे ईसा ने लोगों को मुक्ति का मार्ग दिखाया। यूं तो माह भर पहले ही क्रिसमस डे की तैयारियां शुरू हो जाती हैं, मगर दो दिन पूर्व से खरीदारी का काम शुरू होता है। कई स्कूलों में सेंटा क्लाॅज की ओर से बच्चों को गिफ्ट भी दिया गया। मौके पर ज्योति, लिल्ली, सुधा, अलीशा, जोशुआ, अभिषेक, शारोना आदि मौजूद रहीं।