वाल्टरगंज चीनी मिल पर ताला लगना लगभग तय
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। वाल्टरगंज चीनी मिल पर ताला लगभग तय है। एक तरफ मिल प्रबंधन ने किसानों का बकाया 42 करोड़ रुपये अदा कर पाने से हाथ खड़ा कर दिया है, वहीं डीएम डॉ. राजशेखर ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम जारी कर दिया है।
अल्टीमेटम में डीएम ने सभी चीनी मिलों के प्रबंधकों से कहा है कि एक सप्ताह के भीतर किसानों के भुगतान का शेड्यूल जारी करें। ऐसा नहीं किए जाने अथवा संतोषजनक कारण नहीं बताए जाने पर संबंधित चीनी मिल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत चीनी मिलों को जारी रिकवरी प्रमाण पत्र के अनुरूप मिलों की संपत्ति की नीलामी भी की जा सकती है। बृहस्पतिवार को बकाया मूल्य और आगामी पेराई सत्र की तैयारी के मसले पर मिल प्रबंधन व जिला प्रशासन की बैठक हुई। बैठक में ही वाल्टरगंज चीनी मिल के एजीएम ने दो टूक कह दिया कि मिल को बेचने के लिए अन्य मालिकों से वार्ता चल रही है। जिसका अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, बभनान और अठदमा सुगर मिल के महाप्रबंधक भी मौजूद थे।