संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खोटा सोना बंधक रखकर 22.84 लाख रुपये कर्ज लेने का मामला सामने आया है। कर्ज की अदायगी न होने पर बैंक की तरफ से सोने की गुणवत्ता जांच कराई गई तो सोना कम गुणवत्ता का निकला। इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक ने पांच आरोपियों पर कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के कटेश्वर पार्क स्थित इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक तथागत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि आरोपियों ने बंधकशुदा सोना बहुत कम गुणवत्ता का फर्जी तरीके से जमा कराकर बैंक से 22 लाख 84 हजार रुपये लोन ले लिए।
लोन और ब्याज की रकम जमा न होने पर उनके जमा किए गए सोने की जांच कराई गई तो पता चला कि सोना उतना असली नहीं है, जितना बताकर लोन लिया गया है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने श्याम निवासी मिश्रौलियाधीश, विजय प्रताप निवासी परसहवा गन्तीपुर शृंगीनारी परसरामपुर, शैलेंद्र कुमार पांडेय निवासी माधवपुर कोतवाली देहात तरबगंज जनपद गोंडा, ओमप्रकाश निवासी 7/4 शताब्दी नगर पनकी हिमालय भवन शताब्दी नगर मनकी कानपुर नगर जनपद कानपुर और लवकुश तिवारी निवासी तिवारी हाता पोस्ट मरचौर जनपद गोंडा पर केस दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाल राणा देवेंद्र सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने से जुड़े इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।