कप्तानगंज (बस्ती)। कप्तानगंज ब्लॉक के बढ़नी गांव में मंगलवार की दोपहर में आकाशीय बिजली गिरने से झोपड़ी जल गई। झोपड़ी में बंधे दो मवेशी झुलस गए। सूचना पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने मवेशियों का इलाज किया।मवेशियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार,बढ़नी मिश्र गांव निवासी लाल बहादुर चौधरी खेती बारी कर अपना गुजारा करते है। मंगलवार को मौसम बिगड़ता देखकर उन्होंने मवेशियों को झोपड़ी में बांध दिए। दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक बादल गरजा और झोपड़ी में आकाशीय बिजली गिर गई जिससे झोपड़ी में आग लग गई।उसमें बंधे तीन मवेशी भी झुलस गए। आनन फानन में किसी तरह से झोपड़ी से पशुओ को बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पर ले गए।कुछ ही देर में झोपड़ी जलकर राख हो गई।झोपड़ी में चारा मशीन का मोटर और अन्य सामान भी जलकर राख हो गया।ग्रामीणों ने घण्टो मेहनत करके आग पर काबू पाया।सूचना पर हल्का लेखपाल धीरेंद्र सिंह,कप्तानगंज के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन नजमुल इस्लाम,सजंय कुमार, जितेंद्र विश्वकर्मा, मनीष दुबे,रिंकु ओझा की टीम पहुंच गई।घटना में झुलसे मवेशियों का इलाज करते हुए पशुपालक लाल बहादुर चौधरी की हुई क्षति की रिपोर्ट तहसील भेजा।कप्तानगंज के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ नजमुल इस्लाम ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से तीन मवेशी झुलस गए है।उनका इलाज किया गया है।