कलवारी। थाना क्षेत्र के चकदहा गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से मंगलवार को सात वर्षीय बालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चकदहा निवासी होमगार्ड अजय कुमार का बेटा अभय लिटिल फ्लावर स्कूल कलवारी में कक्षा एक में पढ़ता था। मंगलवार की दोपहर बाद स्कूल से छुट्टी होने पर अजय की पत्नी सुमन बच्चे को लेने के लिए स्कूटी से स्कूल पर गईं थीं। वापस आते समय राम जानकी मार्ग पर चकदहा चौराहे से सुभावपुर रोड पर चकदहा गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने स्कूटी को टक्कर मारी दी। इससे वह स्कूटी सहित बच्चे को लेकर सड़क पर गिर पड़ीं। ट्रैक्टर के पीछे डीजे बंधा हुआ था और लोहे का एंगल निकला हुआ था। लोहे का एंगल लगने से मासूम के सिर में गंभीर चोट आ गई।
आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी बनहरा कुदरहा पहुंचाया जहां चिकित्सक ने अभय को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।