बस्ती। नकली कीटनाशी और प्राधिकार अधिकार पत्र के इतर ब्रिकी रोकने के लिए टीम ने शनिवार को छापा मारा। दो दुकानों पर लाइसेंस पर अंकित प्राधिकार पत्र के इतर कीटनाशी बिक्री पाई गई। टीम ने दोनों दुकानों के लाइसेंस को निलंबित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा ने मय टीम परशुरामपुर स्थित कीटनाशी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। मेंसर्स मौर्या बीज भंडार प्रोप्राइटर राम सेवक के प्रतिष्ठान पर कैश मेमो एवं स्टॉक रजिस्टर नहीं पाया गया। साथ ही लाइसेंस पर अंकित प्राधिकार पत्र के अतिरिक्त फर्म के रसायन पाए गए। विक्रेता का कीटनाशी लाइसेंस निलंबित कर क्रय-विक्रय प्रतिबंधित कर दिया गया एवं स्टॉक सीज कर दिया गया।
टीम मेसर्स जायसवाल कीटनाशक केंद्र बेरता चौराहा पहुंची। प्रोप्राइटर अनिल कुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान की जांच में भी कैश मेमो, स्टॉक रजिस्टर नहीं मिला। लाइसेन्स पर अंकित अथॉरिटी के अतिरिक्त फर्म के रसायन पाए गए। विक्रेता का लाइसेंस निलंबित करते हुए क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई। मेसर्स एग्रीजक्शन अरजानीपुर बंद कर दुकानदार भाग गए थे। उन्हें नोटिस जारी किया गया है।