बस्ती। नियमों का उल्लंघन करने पर उर्वरक की तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। वहीं कमियां मिलने पर नौ को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कुछ दुकानों से 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बीआर मौर्य ने बताया कि जिले में उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक्री रोकने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना के निर्देशन पर में बृहस्पतिवार को विभिन्न उर्वरक बिक्री केंद्रों पर टीमों ने छापा मारा।
अभियान के दौरान कई केंद्रों पर कमियां पाई गईं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई। सदर तहसील में उप निदेशक कृषि बस्ती मंडल बस्ती अशोक कुमार ने तहसीलदार के साथ दुकानों पर छापा मारा। हर्रैया तहसील में जिला कृषि अधिकारी डॉ. बीआर मौर्य ने तहसीलदार के साथ जांच की।
भानपुर में जिला कृषि रक्षा इकाई रतन शंकर ओझा व तहसीलदार और रुधौली में अपर जिला कृषि अधिकारी अंबिकेश प्रताप सिंह ने दुकानों का निरीक्षण किया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी है कि उर्वरक नियंत्रण आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई भी विक्रेता अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अधिक मूल्य पर उर्वरक बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।