कप्तानगंज में छापेमारी करते जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य।
बस्ती। यूरिया खाद की कालाबाजारी और डुप्लीकेट खाद की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने छापे मारे। इस दौरान कई दुकानदार तो ताला बंद करके भाग खड़े हुए। अभियान के दौरान 23 दुकानों की जांच की गई और 17 नमूने संकलित किए गए। दो दुकान का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबू राम मौर्य ने हर्रैया क्षेत्र के हर्षित ट्रेडर्स, कप्तानगंज में छापेमारी की। इसके प्रोपराइटर समेत कई दुकानदार अपनी दुकान को बंद कर गायब मिले। डीएओ ने संबंधित प्रतिष्ठानों लाइसेंस निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जनता खाद भंडार कप्तानगंज में वितरण रजिस्टर अपूर्ण पाया गया। उन्होंने दो खाद के नमूने भी संग्रहित किए। वर्मा खाद भंडार कैनोना से दो उर्वरक का नमूना, एग्रीजंक्शन अमारी बाजार से 1 नमूना, सिंह खाद भंडार सेवरालाला से एक नमूना लिया गया है।
वहीं उप कृषि निदेशक अशोक कुमार गौतम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा ने बताया कि कुल आठ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी की गई है। संवाद