इटवा। बैंक का बकाया जमा न करने पर शनिवार को तहसील प्रशासन ने दो किसानों की भूमि कुर्क कर उस पर नोटिस बोर्ड लगा दिया। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में तहसील और बैंक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य बकाएदारों में हड़कंप मच गया है।
तहसील प्रशासन के अनुसार, तहसील क्षेत्र के खखरा खखरी और सिरसिया गांव के दो किसानों से लंबे समय से बकाया धनराशि जमा कराने के लिए कहा जा रहा था लेकिन भुगतान नहीं किए जाने पर कार्रवाई की गई। खखरा खखरी निवासी मुजफ्फर अली की भूमि की कुर्की का आदेश एसडीएम इटवा ने 18 जून को जारी किया था। वहीं, खखरा खखरी निवासी मोहम्मद जमीर उर्फ जमील के दो गाटों की भूमि की कुर्की का आदेश 17 जून को दिया गया था।
एसडीएम के आदेश के अनुपालन में शनिवार को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम संबंधित गांवों में पहुंची और दोनों किसानों की भूमि कुर्क कर उस पर बोर्ड लगा दिया।
नायब तहसीलदार विष्णु प्रताप सिंह श्रीनेत ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई के बाद संबंधित संपत्ति के हस्तांतरण, बिक्री, दान या किसी अन्य प्रकार से स्वामित्व हस्तांतरण पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।