बस्ती। मालवीय रोड स्थित एक मकान व जमीन पर कब्जा व जेसीबी से निर्माण ढहाने के विरोध में पीड़ित परिवार सोमवार को कोतवाली के बाहर धरने पर बैठ गया।
उन लोगों का कहना है कि जब तक मकान गिराने वालों पर केस दर्ज नहीं किया जाता है, तब तक वे लोग चैन से नहीं बैठेंगे। कोतवाल राना डीपी सिंह ने उनको समझाने-बुझाने का प्रयास किया। वे लोग कोतवाली के बाहर डटे रहे।
पीड़िता पूनम त्रिपाठी ने बताया कि उनका मकान मालवीय रोड पर स्थित है। तीन दिन पहले जेसीबी लेकर विपक्षी पहुंचे और मकान को पूरी तरह से गिरवा दिया। इस दौरान उनके बच्चों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसने कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे रखी। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने कई बार कोतवाली में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बैरिहवा मोहल्ले के एक मकान व जमीन को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। संवाद