बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में आयोजित श्रमवीर गौरव समारोह कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलक्ट्रेट सभागार, बस्ती में आयोजित किया गया। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।
विधायक हरैया अजय सिंह ने श्रमिकों को जागरूक बनाए जाने के लिए श्रम विभाग की ओर सेे जारी पंपलेटों का अध्ययन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक होकर श्रम विभाग से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं में ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर लाभ हासिल करें। उन्होंने कहा कि बस्ती में स्थित अटल आवासीय विद्यालय को प्रदेश का अग्रणी विद्यालयों में शुमार किया जाएगा।
उप श्रमायुक्त रचना केसरवानी ने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर कार्यालय पर संपर्क किया जा सकता है। इस दौरान निर्माण श्रमिक लाभार्थियों को हितलाभ प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया और सम्मानित किया गया। इसके बाद लेबर अड्डा गांधीनगर एवं कटरा में श्रमिकों के उन्नयन के लिए श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जागरूकता के लिए शिविर का आयोजन किया गया। उप्र मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएम कृतिका ज्योत्सना, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीडीओ सार्थक अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।