डेढ़ सौ कर्मचारियों से संचालित होगा मिलावटों की जांच करने वाला लैब
खाद्य पदार्थों की जांच के लिए अब मंडल में ही होगा इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मंडल मुख्यालय पर खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला बनकर तैयार हो गया है। यूपी सिडको ने इसे खाद्य एवं औषधि विभाग को हस्तांतरित कर दिया है। जल्द ही खाद्य एवं औषधि विभाग करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों की भर्ती व मशीनरी की व्यवस्था कर इसे सक्रिय करवा देगा। उम्मीद है कि मई-जून में यह लैब काम करने लगेगा। इससे विभाग के अधिकारी व कर्मचारी खाद्य पदार्थों व दवाइयों के नमूनों की जांच करवाकर लोगों को निरोगी बना सकेंगे।
अभी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी व निरीक्षक खाद्य पदार्थों व दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए लखनऊ, बनारस व अन्य जगहों पर भेजते हैं। लिहाजा उनकी जांच में जहां देरी होती है, वहीं मिलावटखोरों पर कार्रवाई करने में लंबा समय लग जाता है। तस्करों व मिलावटखोरों के खिलाफ मुकदमे में प्रभावी पैरवी नहीं हो पाती है।
बस्ती मंडल मुख्यालय पर इस प्रयोगशाला का निर्माण 23.25 करोड़ रुपये से किया गया। जून 2019 में प्रदेश सरकार ने बस्ती समेत सहारनपुर, कानपुर, बरेली, प्रयागराज, अयोध्या, चित्रकूट, अलीगढ़, मुरादाबाद, गोंडा, आजमगढ़ व मिर्जापुर मंडल मुख्यालयों पर खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला व मंडलीय कार्यालय खोले जाने के निर्देश दिए थे।
इसी के तहत बस्ती मंडल मुख्यालय स्थित बस्ती-गोरखपुर फोरलेन पर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास करीब 0.435 हेक्टेयर जमीन पर यूपी सिडको ने प्रयोगशाला का निर्माण शुरू किया था।
...
12 कमरों से संचालित होगी प्रयोगशाला
यूपी सिडको के सहायक अभियंता अशोक तिवारी के अनुसार, प्रयोगशाला में 12 कमरों का निर्माण कराया गया है। इनमें प्रयोगशाला प्रभारी कक्ष, कार्यालय कक्ष, नमूना प्राप्ति कक्ष, कोडिंग कक्ष, नमूना स्टोरेज कक्ष, संयंत्र कक्ष, रासायनिक प्रयोगशाला कक्ष, विश्राम कक्ष, हाट कक्ष, अभिलेख कक्ष, स्टोर व प्रसाधन का इंतजाम किया गया है।
..
कोट
प्रयोगशाला में जल्द जांच प्रक्रिया चालू कराने के लिए मुख्यालय स्तर से पत्राचार किया गया है। मशीनरी की व्यवस्था व करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों की भर्ती मुख्यालय स्तर से की जाएगी, ताकि जून 2025 तक बेहतर तरीके से दवा और खाद्य पदार्थों की जांच प्रक्रिया शुरू हो सके।
- वीके पांडेय, सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि विभाग