कुदरहा। ब्लॉक क्षेत्र के लोग अघोषित विद्युत कटौती से बेहाल हैं। शंकरपुर उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले कुदरहा, लालगंज और गायघाट फीडरों पर रोस्टिंग और ओवरलोड का हवाला देकर लगातार कटौती की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक 24 घंटे में मुश्किल से 8-10 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, वह भी बार-बार गुल होती रहती है।
परसांव निवासी हरिश्चंद्र ने बताया कि इस भीषण गर्मी में विभाग की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। भिटौरा के अमित पाल ने कहा कि विभाग कभी रोस्टिंग, कभी ओवरलोड और कभी ब्रेकडाउन का बहाना बनाकर बिजली काट देता है। परसांव के उमेश चंद्र के अनुसार, रात की कटौती से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे चोरी की आशंका और बढ़ जाती है।
पिपरपाती निवासी धर्मेंद्र कुमार, जिनकी चौराहे पर फोटोकॉपी की दुकान है, ने बताया कि बिजली न होने से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग रखी है, ताकि गर्मी से राहत मिल सके और अंधेरे में चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगे।
एसडीओ एसएन सिंह ने बताया कि एक ही लाइन पर महसूस बनकटी और कुदरहा होने के कारण ओवरलोड की समस्या आ रही है। कलवारी पावर हाउस से नई लाइन का कार्य प्रगति पर है। कार्य पूरा होने के बाद समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से दिक्कत बढ़ी है और जैसे ही कोड मिलेगा, रोस्टरिंग के हिसाब से आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।