गौर(बस्ती)। महादेव शुक्ल कृषक इंटर कॉलेज गौर में बुधवार को आयोजित जनपदीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कृषक इंटर कॉलेज गौर की टीम विजेता और राजकीय हाईस्कूल पिपरहिया की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में दोनों विद्यालयों के कुल 20 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं आयोजक अरविंद कुमार त्रिपाठी ने किया। सीनियर बालक वर्ग में कृषक इंटर कॉलेज गौर के छोटा बाबू, विजय कुमार, सुधांशु शुक्ल, अंश सोनी और हर्षित पांडेय ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर बालिका वर्ग में नेहा, लक्ष्मी और दीपिका विश्वकर्मा ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। जूनियर बालक वर्ग में कृषक इंटर कॉलेज गौर के प्रवीण कुमार गौड़, मोहम्मद उमम, राजकुमार, दीपेश और मुकेश शुक्ल विजेता रहे।
वहीं राजकीय हाईस्कूल पिपरहिया के आदर्श कुमार और राजवर्धन प्रताप मणि ने सीनियर बालक वर्ग में, जबकि शिवम ने जूनियर बालक और निशा ने जूनियर बालिका वर्ग में उपविजेता स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका विवेक कुमार श्रीवास्तव और अखिलेश कुमार वर्मा ने निभाई। वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक मनोज कुमार राय ने कमेंट्री की। प्रतियोगिता के बाद प्रधानाचार्य ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य अरविंद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता रहने वाले खिलाड़ी अब मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। मंडलीय प्रतियोगिता संतकबीरनगर में आयोजित होगी।
इस दौरान पवन कुमार शुक्ल, संदीप मणि त्रिपाठी, संतोष शुक्ल, जितेंद्र कुमार, इंद्रमणि चौधरी, हरि गोविंद, कपिल मुनि त्रिपाठी और दुर्गा प्रसाद दुबे सहित अन्य मौजूद रहे।