रेलवे ट्रैक पर मिला लापता किशोरी का शव
मुंडेरवा (बस्ती)। मुंडेरवा रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 192 व 193 के बीच रविवार को एक किशोरी का शव रेल ट्रैक पर पड़ा मिला। ऊंचगांव जमोहे के प्रधान विजय पांडेय ने घटना की जानकारी मुंडेरवा पुलिस को दी।
पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतका की शिनाख्त नीतू (15) पुत्री सीताराम निवासी उदयपुर थाना मुंडेरवा के रूप में की। पुलिस के अनुसार मृतका के परिवारीजन इलाज के सिलसिले में लखनऊ गए हैं। लिहाजा शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है। उनके स्तर से शिनाख्त बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। घटना की छानबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि उदयपुर निवासी सीताराम की बेटी नीतू घर पर रहती थी और वर्तमान में पढ़ाई नहीं कर रही थी। छह अप्रैल की रात किसी बात से नाराज होकर वह घर से कहीं चली गई थी। अगले दिन सुबह यानी सात अप्रैल को पिता ने मुंडेरवा थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर उसकी खोजबीन में जुटी थी। उधर, रविवार को ऊंचगांव जमोहे के पास से गुजरे रेल ट्रैक पर उसका शव मिला। परिजनों के लखनऊ होने के कारण ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त हुई। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की छानबीन शुरू कर दी गई है। परिजनों के बस्ती पहुंचने के बाद उनसे भी बातचीत कर और जानकारी हासिल की जाएगी।