बस चालक का अपहरण करने वाले भेजे गए जेल
- गाजियाबाद व सहारनपुर ने निवासी हैं तीनों आरोपित
- कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुई थी घटना
- संतकबीरनगर के कांटे पुलिस चौकी टीम बरामद किया था कार
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज (बस्ती)। साइड लगने से खफा होकर रोडवेज बस के चालक का अपहरण कर भाग रहे तीनों कार सवार आरोपितों को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीनों को संतकबीरनगर की कांटे चौकी पुलिस ने पकड़कर कप्तानगंज पुलिस के हवाले कर दिया था।
पकड़े गए आरोपितों में सलीम सिद्धिकी निवासी मोती मस्जिद थाना कोतवाली जनपद गाजियाबाद, रोबिन कुमार उर्फ लाखन गुर्जर निवासी राधा बिहार कालोनी (नामदेव कन्या हाईस्कूल) थाना कोतवाली देहात जिला सहारनपुर व संजीव कुमार रायल निवासी मेडोज विस्टा फेस-1 रियलायबल इंस्टीट्यूट शाहपुर निजमोर्टा थाना मुरादनगर जनपद गाजियाबाद शामिल हैं। इस मामले में बस चालक संजीव द्विवेदी निवासी सजाव थाना लार जिला देवरिया ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बताया गया है कि वह गोरखपुर डिपो की बस लखनऊ से गोरखपुर लेकर जा रहे थे। हरैया इलाके में फोरलेन पर बस से साइड लग गया। जिस पर कार सवार लोगों ने कप्तानगंज के पास बस को रुकवाकर चालक से मारपीट की और जबरदस्ती कार में बैठा लिया। आरोप है कि रास्ते में वे 25 हजार रुपये की मांग करने लगे और न देने पर नदी में फेंक देने की धमकी देने लगे। इसी बीच बस के परिचालक ने बस के चालक के अपरहण की सूचना डायल 112 को दे दी। सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। फोरलेन पर संतकबीरनगर जनपद के कांटे पुलिस ने कार रोककर अपहृत बस चालक को कार सवार तीन लोगों के चंगुल से छुड़ाते हुए तीनों कार सवार आरोपितों को हिरासत में ले लिया। बाद में कप्तानगंज पुलिस उन्हें अपने कब्जे में लेकर आई।