विजेता टीम खिलाड़ियों को मिला सम्मान स्रोत टीम
बस्ती। शहर के खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर चल रही अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा मैच सोमवार को खेला गया। जिसमें खैर क्रिकेट टीम ने बस्ती स्टेडियम टीम को सात विकेट से हराया।
बस्ती स्टेडियम और खैर क्रिकेट अकादमी के बीच आयोजित 30 ओवर के मैच में बस्ती स्टेडियम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और तीन विकेट के नुकसान पर 272 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साकिब अली ने शतकीय पारी खेलते हुए शानदार 128 रन बनाए। अर्जुन यादव ने 63 और शांतनु भारद्वाज ने 28 रनों की पारी खेली। खैर क्रिकेट अकादमी की तरफ से मेधांश और अरमान ने एक-एक विकेट लिए । 272 रनों का पीछा करने उतरी खैर क्रिकेट अकादमी ने 27.1 ओवर में ही मैच को सात विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से हार्दिक पांडेय ने शानदार शतक जड़ा, लेकिन जीत नहीं दिला सके। उन्होंने 115 रन बनाएं। आकाश यादव ने 61 और आयुष शुक्ला ने 59 रनों की पारी खेली। बस्ती स्टेडियम की ओर से साकिब अली को दो और रूद्रेंद्र विक्रम को एक विकेट मिला। मुख्य अतिथि सीनियर खिलाड़ी रुद्र प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर अजय प्रताप सिंह, नेशनल हॉकी खिलाड़ी सुशील चौधरी, कोच आलोक वर्मा, सौरभ पाल, प्रशांत गुप्ता आदि मौजूद रहे। शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले हार्दिक पांडेय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।