खासी, जुकाम, बुखार के बढ़ रहे मरीज, लापरवाही पड़ रही भारी
एहतियात बरतने की चिकित्सक दे रहे सलाह, बुखार के साथ हो रही कंपकंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मौसम खतरनाक है। दिन में चटख धूप निकल रही है। मगर, पछुआ हवा से गलन बरकरार है। सुबह-शाम और रात में पारा लुढ़का हुआ है। ऐसे में दिन का धूप देख हल्के कपड़े में बाहर निकलने पर लोग बीमार पड़ रहे हैं। खासी, जुकाम, बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। अस्पतालों में ऐसे मरीजों की भीड़ है। चिकित्सक एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।
मौमम की तासीर अभी गर्म नहीं हुई है। ऐसे में सावधानी ही सेहत के लिए लाभदायक हैं। गर्म कपड़ों से बदन ढके बगैर बाहर निकलना भारी पड़ जा रहा है। दिन में धूप निकलने के दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तो दर्ज हो रहा है। मगर, न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रह रहा है। रात में या सुबह-शाम तापमान लुढ़ककर 16 डिग्री तक पहुंच जा रहा है।
तापमान के उतार-चढ़ाव में लोग बीमार पड़ जा रहे हैं। सुबह 10 बजे के बाद गुनगुनी धूप का अहसास होने के बाद हल्के कपड़ों में लोग अपने काम पर निकल रहे हैं। पछुआ हवा से गलन बरकरार है। शाम को घर लौटते समय पारा गिरने से ठंड और बढ़ जा रही है। ऐसे में कमजोर इम्यूनिटी वालों को हल्के कपड़े बीमार कर दे रहे हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रामजी सोनी बताते हैं कि इन दिनों बदन को अच्छी तरह गर्म कपड़ों से ढककर ही रखें। खुले वाहन पर यात्रा करते समय इसका जरूर ध्यान दें। लापरवाही के चलते खासी, जुकाम, बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। बुजुर्ग और ह्दय रोगी अभी पूरी तरह से सावधानी बरतें। अधिक खासी या तेज बुखार नुकसान कर सकता है।
..
चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती हो रहे बीमार बच्चे
जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में खासी, बुखार से पीड़ित बच्चे भर्ती किए जा रहे हैं। यहां 25 बच्चे भर्ती किए जा चुके हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सरफराज ने बताया कि ज्यादातर बच्चोें में जकड़न और निमोनिया की शिकायत मिल रही है। जिन्हें भाप देकर तत्काल राहत पहुंचाया जा रहा है। इस मौसम में बच्चों को ज्यादातर घर के अंदर ही रखा जाए। उनके बदन से गर्म कपड़े न उतारें। खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाए। बच्चे को पीने के लिए गुनगुना पानी दिया जाए।