कोरोना संक्रमण: इस बार कांवड़ यात्रा को विश्राम
बस्ती। कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए कांवरिया यात्रा इस वर्ष विश्राम करेगी। कांवड़ यात्री व श्रद्धालु अपने घरों में ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-पाठ करेंगे। यह निर्णय शुक्रवार को हियुवा के न्याय मार्ग स्थित कार्यालय में आयोजित सनातनियों की बैठक में लिया गया।
हियुवा जिला प्रभारी अज्जू हिंदुस्थानी ने कहा कि वैश्विक महामारी को समाप्त करने के लिए यह निर्णय कारगर साबित होगा। क्योंकि जिले में करीब दस लाख श्रद्धालु कांवड़ यात्रा के दौरान भोलेनाथ को विभिन्न शिवालयों पर जलाभिषेक करते हैं, जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पाएगा। सनातनियों ने सरकार व जिला प्रशासन से आग्रह किया कि वे इस वर्ष कांवड़ यात्रा को विश्राम दें।
अज्जू ने सभी संगठनों के साथ प्रस्ताव रखा कि कांवड़ यात्रा को इस बार विश्राम रखा जाए। कांवरिया संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर साहू, राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष रोलू सिंह उर्फ यशवंत सिंह, माध्यमिक शिक्षा संघ के प्रदेश मंत्री विजय द्विवेदी, राजेश आदि ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि संगठन कोविड-19 का ध्यान रखें और सभी सामाजिक, सांस्कृतिक संगठन अपने-अपने क्षेत्र और गांव-गांव में इसका प्रचार-प्रसार करेंगे। विशेष आमंत्रित सदस्य नंदानाथ बाबा ने कहा कि अगर कांवड़ यात्रा इस वैश्विक महामारी में मंडल ही नहीं पूरे प्रदेश में कहीं कांवड़ यात्रा निकली तो कोरोना का खतरा और बढ़ जाएगा। ऐसे में श्रद्धालु घरों में रहकर जल चढ़ाएं। भगवान कण-कण में हैं। शिवसेना के अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव जरूरी है। प्रिंस बरनवाल ने कहा कि गांव गांव जाकर कांवड़ यात्रा को विश्राम करने के लिए प्रेरित किया जाए। संचालन जिला महामंत्री संगठन विनय सिंह ने किया। इस मौके पर जिला महामंत्री कन्हैयालाल, धर्मेन्द्र कुमार, जिला सह विवेक हिन्दू, वृजेन्द्र कुमार, विशाल गुप्ता, आर्यन चौधरी, आदर्श चौधरी, दिवायांशु सोनी, राजन कन्नौजिया, अभिषेक सिंह, सत्यम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।