बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री संवाद
बस्ती। स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला जारी है। आए दिन कई घंटे की देरी से ट्रेन चल रही है, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। तेज धूप और गर्मी के चलते ट्रेनों के इंतजार में कई घंटे तक यात्रियों को प्लेटफार्म पर बैठना पड़ रहा है। शनिवार को जाने वाली कटिहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 11:30 घंटे की देरी से आई।
रेलवे समय सारणी के अनुसार बस्ती के रास्ते जाने वाली कटिहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को सुबह 6.45 बजे आने का समय था, लेकिन 11:30 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को छह बजे के बाद स्टेशन पर आई। इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को पूरे दिन गर्मी में ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर बैठना पड़ा। इसके अलावा जो अन्य ट्रेनें विलंब से चल रही है, उनमें अयोध्या भटनी मेमो पैसेंजर ढाई घंटे, दरभंगा नई दिल्ली क्लोन स्पेशल तीन घंटे देर से आई।
वहीं मुजफ्फरपुर आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस दो घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल चार घंटे, अवध असम दो घंटे, नई दिल्ली दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस दो घंटे और यशवंतपुर गोरखपुर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 6:30 घंटे की देरी से चल रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि रेलवे प्रशासन की ओर से ट्रेन संचालन को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, कभी-कभार रास्ते में काॅशन और ब्लॉक के चलते ट्रेनें विलंब हो जाती हैं, इस समय गोरखपुर रेलवे स्टेशन के साथ ही टिकरी-नवाबगंज रेलवे लाइन पर कार्य चल रहा है।