दुर्गा पूजा के मद्देनजर मंगलवार को डीएम अनिल कुमार दमेले की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बिजली, पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत और दूरसंचार आदि विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक का मुख्य केंद्र विद्युत विभाग रहा। अफसरों को इसके लिए सचेत किया गया कि अगर किसी विभाग की लापरवाही के चलते कानून व्यवस्था का संकट खड़ा हुआ तो संबंधित विभाग के अधिकारियों के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा के पंडालों का निरीक्षण करने को कहा गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि सभी पंडालों में विद्युत का अस्थाई कनेक्शन दिया जाए।
सुझाव के क्रम में डीएम ने कहा कि विभाग के लोग खुद पंडालों में जाए और मौके पर अस्थाई विद्युत कनेक्शन की रसीद काटी जाए। इसके बाद भी सुधार न होने पर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। खास तौर से नगर क्षेत्रों में जिन पंडालों के ऊपर से विद्युत तार जा रहे हैं, उन्हें ठीक किया जाए।
जनपद में लगभग 1200 दुर्गा पूजा के पंडाल हैं, इनमें लगभग 750 पंडालों ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित हैं। पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत के अधिकारियों को टूटी सड़कों को ठीक कराने को कहा गया।
दूरसंचार विभाग के अफसरों को तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए। फायर बिग्रेड को पॉलिथीन के कपड़ों करने पर रोक लगाने और प्रत्येक पंडालों में अग्नि शमन यंत्र और बालू से भरी बाल्टियां रखवाने को कहा गया।
पालिका के ईओ को साफ सफाई और उनके क्षेत्र में टूटी हुई सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम राकेश कुमार सिंह के सुझाव पर डीएम ने ईओ को कचहरी स्थित लालबहादुर चौक पर स्थापित फव्वारा को त्वरित बंद करने का दिया। कहा कि इसके पानी के कारण सड़क खराब हो रही है।
डीएम से सभी अफसरों को इस बात का प्रमाण पत्र देने का निर्देश दिया कि उनके सभी आदेशों का पालन कर दिया गया है।
इस मौके पर एडीएम, बीएसएनएल के जीवेंद्र प्रताप सिंह, ब्रजमोहन, पीडब्लूडी के एई एसपी पांडेय व वीके राय, एक्सईएन विद्युत प्रथम बीएल सिंह, एक्सईएन द्वितीय विनोद, ईओ नगर पालिका डॉक्टर आरपी श्रीवास्तव, गनेश प्रसाद अवर अभियंता जिला पंचायत और जेई कलेक्ट्रेट अनिल कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।