बस्ती। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के वार्डेन और शिक्षकों की परीक्षा लिए जाने से उत्पन्न समस्याओं और भ्रांतियों को लेकर सोमवार को कस्तूरबा गांधी विद्यालय शिक्षक और शिक्षणेतर संघ के पदाधिकारी डीएम से मिले। वार्ता के दौरान संघ की जिलाध्यक्ष रंजना सिंह और महामंत्री सावित्री त्रिपाठी मौजूद रहीं।
डीएम अरविंद कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि परीक्षा 15 नवंबर को ही डायट पर होगी। इसमें कोई परिवर्तन नहीं होगा। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस परीक्षा का प्रभाव किसी की नौकरी पर नहीं पड़ेगा और न ही फेल होने वाली की संविदा समाप्त होगी। फेल होने वाले का नाम भी उजागर नहीं किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वालों का सम्मान विकास भवन में एक समारोह में किया जाएगा। जिस विद्यालय के शिक्षक या वार्डेन टॉप करेंगे उस विद्यालय को मॉडल बनाया जाएगा। बताया कि यह परीक्षा न तो आधिकारिक रूप से हो रही है न ही इसका रिकॉर्ड रखा जाएगा। कोई भी वार्डेन या शिक्षक जिस विषय में परीक्षा देना चाहे उसकी छूट होगी। कंप्यूटर तक की परीक्षा होगी। पहले यह वार्ता डीएम आवास पर हुई। संघ के पदाधिकारी वार्ता से संतुष्ट रहे और उन्होंने इसमें सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कहा कि संघ की मांग परीक्षा न कराने की नहीं बल्कि परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ समय की मांग को लेकर थी।