बस्ती। कार्तिक पूर्णिमा पर जिले के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाई। पूजा अर्चन के बाद लोगों ने वैदिक परंपराओं के अनुसार दान दक्षिणा दिया। परशुरामपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के मखौडा धाम में शनिवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने स्नान दान किया।
राम जानकी मंदिर के सामने स्थित पतित पावनी मनोरमा नदी में सुबह से ही स्नान का क्रम शुरू हो गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने रामजानकी मंदिर में पूजा की। विद्वान पुरोहितों ने गोदान तथा मनोरमा आरती का कार्यक्रम संपन्न कराया। मंदिर के पुजारी सूरजदास वैदिक ने बताया कि रामायण काल से मख क्षेत्र विख्यात है।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा और गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लालगंज कस्बे के निकट कुआनो-मनोरमा नदी के पवित्र संगम में स्नान किया। इसके अलावा सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर भी पवित्र जल में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। इधर बानपुर कस्बे में मेला भी लगा जहाँ पहुच पर लोगों ने अपने जरूरत के अनुसार सामानों की खरीदारी की।
कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार, श्रद्धालुओं ने सरयू नदी के टांडा घाट पर डुबकी लगाई। दर्जनों गांवों के श्रद्धालु भोर से ही नदी में स्नान शुरू कर दिया। माता सरयू को कड़ाही चढ़ाकर प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने अन्न दान कर सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कलवारी अरविन्द कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष कलवारी शिवाकांत मिश्र अपने दलबल के साथ मुस्तैद रहे।
टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार, वाराह क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने कुआनो नदी व वाराह कुंड में डुबकी लगाई व दानपुण्य कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान बाराह ने सूकर का अवतार लेकर कुंड को खोदा और उसी कुंड मे श्रद्धालु आकर स्नान करते हैं। यहां मेले में लोगों ने खरीदारी की।
दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार, डिंगरापुर-शेखापुर घाट पर श्रद्धालुओं ने घाघरा नदी में डुबकी लगाई। इस दौरान पूजा पाठ के बाद लोगों ने दान पुण्य किया। बाद में यहां मेले का भी लुत्फ उठाया।