करनपुर विवाद : परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
बस्ती। कोतवाली थानाक्षेत्र के करनपुर में विवादित जमीन में छज्जा जगाने के झगड़े के दौरान जिंदा जलाई गई युवती का शव रखकर शनिवार सुबह परिवार वालों ने करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान मुंडेरवा-बस्ती मार्ग पर यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें रास्ते से किनारे हटवाकर आवागमन बहाल कराया।
वहीं, इन सब के बीच परिवार के लोग अपनी मांगें न मानने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बाद में एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी भी पहुंचे, जिनसे परिवार वालों ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने, विवादित जमीन में चहारदीवारी बनवाने, विवादित जमीन पर बना मकान सील करने, नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी समेत विभिन्न मांगें रखीं। एएसपी ने बताया कि उनकी वाजिब मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी किया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। बता दें कि, कोतवाली थानाक्षेत्र के करनपुर गांव में पुश्तैनी डीह की आबादी में मकान बनाने, रास्ते और छज्जा लगाने को लेकर विवेकानंद मिश्रा व उनके पड़ोसी पट्टीदार विजयनाथ मिश्रा में काफी दिनों से विवाद है।
विजय नाथ मिश्रा विवादित जमीन में मकान बनाकर उसमें छज्जा लगाना चाहते हैं। जबकि, दूसरे पक्ष के विवेकानंद मिश्रा का कहना है कि ऐसा करने से उनके घर आने-जाने का रास्ता अवरुद्ध हो जाएगा। शुरुआती विवाद के बाद यह मामला सिविल जज सीनियर डिवीजन न्यायालय में चला गया जहां विचाराधीन है। 11 फरवरी को विजयनाथ मिश्रा छज्जे का निर्माण करने लगे। विवेकानंद मिश्र के पक्ष के लोगों ने ऐसा करने से मना किया तो विजय नाथ मिश्र पक्ष के लोग मारपीट पर उतारू हो गए। लाठी, डंडे, सरिया, चाकू, हथौड़े से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। यह देख उनकी बहन कन्याकुमारी चिल्लाते हुए बचाने पहुंची तो उसे भी घेरकर मारने पीटने लगे। इसी दौरान अचानक कन्याकुमारी के शरीर में आग लग गई। आरोप है कि मारपीट करने वालों ने उसके शरीर में आग लगा दिया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद देर शाम परिवार वालों को सौंपा गया। शनिवार को सुबह गांव के निकट स्थित जय गुरुदेव आश्रम के सामने सड़क पर शव रखकर परिवार के लोग प्रदर्शन करने लगे।
मृत कन्या कुमारी के भाई को मिली सुरक्षा
मृत कन्या कुमारी के भाई कांग्रेस पार्टी के नेता विवेकानंद मिश्र को पुलिस की तरफ से सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि उन्हें एक गनर उपलब्ध कराया गया है। इससे पहले शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव विवेकानंद मिश्र ने एसपी आशीष श्रीवास्तव को पत्र भेजा था। जिसमें कहा गया था कि 11 फरवरी को उनकी बहन को जला का मार डालने का प्रयास किया गया। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में चार बाकी बचे आरोपितों की गिरफ्तारी करते हुए अपने साथ अनहोनी होने की आशंका व्यक्त की थी। साथ ही सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी।
एएसपी से मिले परिवार के लोग
शनिवार दोपहर बाद मृत कन्या कुमारी के परिवार के लोग एएसपी से मिले। उन लोगों ने प्रदर्शन के समय की गई अपनी मांग दोहराई। एएसपी ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम भेजकर जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। इसके बाद बाउंड्री और मकान सील कराने के संबंध में विचार किया जाएगा। मुकदमे की धारा तरमीम करने के सवाल पर एएसपी का कहना है कि इसमें विधिक राय ली जा रही है।