बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेश स्तरीय सीनियर पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुरू हुई। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मेजबान बस्ती सहित विभिन्न मंडलों के खिलाड़ियों ने पहले दिन दमखम दिखाया। पहले मैच में कानपुर ने देवीपाटन गोंडा को 25-09, 25-14 से हरा दिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन आयुक्त वैभव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय खेल कार्यालय बस्ती के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता 31 अक्तूबर तक चलेगी। उद्घाटन के दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी मंडलों की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पहला मैच कानपुर मंडल ने देवीपाटन मंडल गोंडा के बीच हुआ। जिसमें कानपुर ने गोंडा को 25-09, 25-14 से हराया। सहारनपुर ने मुरादाबाद को 25-19, 25-15 से शिकस्त दी। वाराणसी ने चित्रकूट मंडल को 25-05, 25-09 से हराया। लखनऊ ने आजमगढ़ को 20-25, 25-18 और 15-10 से पराजित किया। मेजबान बस्ती की टीम ने अयोध्या मंडल को 25-17, 25-19 से हराकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल संघ के निर्णायकों विमल कुमार पांडेय, अरविंद कुमार गुप्ता, अमित बच्चन, रमेश राय, अनकेश गौड़, संतोष पटेल, राम कुमार यादव, योगेश शर्मा, राजेश पटेल, राजेंद्र निगम, सर्वेश कुमार, वंश गोपाल और आयोजन समिति की भूमिका रही। प्रतियोगिता का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी शकील अहमद अंसारी ने किया। पहले दिन कुल 10 लीग मुकाबले खेले जाने थे। शेष मुकाबले दूधिया रोशनी में खेले गए, जिसकी रिपोर्ट बृहस्पतिवार को जारी की जाएगी। हैंडबॉल कोच विकास सोनकर, हॉकी कोच अस्मिता गुप्ता, कुश्ती कोच कमलेश यादव, एथलेटिक्स दीप पटेल, आशुतोष पांडेय आदि ने सहयोग किया।
शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में वालीबॉल प्रतियोगिता में जीत के लिए मशक्कत करते खिलाड़ी स्रोत वि