खौलते तेल में बालक गिरा, झुलसने से मौत
हर्रैया/ बस्ती। मौसी की शादी में हर्रैया थाने के नरायनपुर ग्राम पंचायत के बड़गाएं ननिहाल आया छह वर्षीय बालक गर्म तेल की कड़ाही में गिरकर झुलस गया। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से ओपेक कैली अस्पताल भेज दिया गया। हालत न सुधरने पर बालक को लेकर घर लौट आए जहां बुधवार सुबह मौत हो गई।
दो मार्च को नरायनपुर ग्राम पंचायत के बड़गाएं निवासी राजाराम चौधरी की छोटी पुत्री की शादी थी। इनकी बड़ी बेटी सुनीता पुत्र आवेश के साथ मायके आई थी। शादी के लिए घर पर मिठाइयां आदि बन रही थी। एक कड़ाही में तेल गर्म हो रहा था। पास में कुछ बच्चे खेल रहे थे, तभी अचानक आवेश का पैर कड़ाही से टकरा गया और गर्म तेल में मुंह के बल गिर गया। जब तक उसे बाहर निकाला जाता तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया।