बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र के नौली गांव में कनेक्शन जांच करने पहुंचे विद्युत निगम के जेई के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है।
विद्युत उपकेंद्र बहादुरपुर के जेई शाहनवाज आलम ने कलवारी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे कर्मी भीम शरण, पप्पू यादव और अनिल कुमार के साथ नौली गांव निवासी शिवपूजन के नाम से झटपट पोर्टल पर प्राप्त विद्युत कनेक्शन आवेदन का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
मौके पर मौजूद बालमुकुंद, सरविंद्र कुमार ने लंबी दूरी के विद्युत कनेक्शन के लिए बिना एस्टीमेट रिपोर्ट लगाकर स्वीकृति देने का दबाव बनाया। जेई ने बताया कि नियमों का हवाला देते हुए ऐसा करने से इन्कार किया तो दोनों आरोपितों ने गाली-गलौज करने लगे। बीच-बचाव कर उन्हें वहां से सुरक्षित निकाला। आरोप है कि जाते समय आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोपी बालमुकुंद ने बताया कि एक जनवरी विद्युत उपकेंद्र बहादुरपुर में कनेक्शन के लिए आवेदन किए थे। आवेदन के समय पांच हजार रुपये लिया गया था जिसके बदले में मात्र सौ रुपये के रसीद दी गई थी। जनवरी माह से लगातार दौड़ाया जा रहा है। मंगलवार को जांच करने पहुंचे अवर अभियंता ने लंबी दूरी बताकर कनेक्शन देने से इन्कार कर दिया। थानाध्यक्ष कलवारी संतोष कुमार ने बताया की जेई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद