बस्ती। हर्रैया विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड परशुरामपुर के धुरदा गांव में 1.38 करोड़ की लागत से पंचायत उत्सव भवन का निर्माण टेंडर प्रक्रिया में उलझ कर रहा गया है। इसके लिए ग्राम पंचायत द्वारा एक एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। पंचायत विभाग ने भूमि की पैमाइश कराकर पहले टेंडर जारी किया, बाद में टेंडर कैंसिल कर दिए। बताया कि जो फर्म आवेदन किए थे, वह मानक पर नहीं थे। अब दोबारा निविदा निकाली गई है।
प्रदेश सरकार जिले में एक उत्सव भवन (बारात घर) का निर्माण कराने के लिए स्वीकृति दी है। काफी जद्दोजहद के बाद हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन व पंचायत विभाग ने कुछ माह पूर्व भूमि के लिए प्रयास शुरु किया। मानक के अनुसार भूमि की खोज की गई। ज्यादातर ग्राम सभाओं में पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं मिली। परशुरामपुर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम धुरदा में ग्राम पंचायत ने भूमि उपलब्ध कराई।
पंचायत व राजस्व विभाग द्वारा मौका मुआयना किया गया। इसके लिए पंचायत विभाग द्वारा पहले दो माह पूर्व निविदा निकाली गई। हालांकि, फर्म मानक पर नहीं उतरे। ऐसे में टेंडर को कैंसिल कर दिया गया, अब दोबारा टेंडर निकाला गया है और 30 अप्रैल 2026 तक आवेदन मांगे गए हैं। यदि टेंडर फाइनल हुआ तो संबंधित फार्म को तीन माह में कार्य पूर्ण करके हैंडओवर करना होगा।
बताया गया कि पंचायत उत्सव भवन का निर्माण 522 वर्ग मीटर में होगा। जिसमें एक हाल, 100 लोगों को बैठने की क्षमता वाला, स्टेज/मंडप, तीन कमरा जिसमें एक कमरा दिव्यांजन हितैषी वाला होगा। पुरुष, महिला व दिव्यांगजन शौचालय, रसोई घर आदि शामिल होगा। यह कार्य पंचायतीराज विभाग के अधीन है। इस बार जनपद में सिर्फ एक उत्सव भवन बनाने का लक्ष्य जारी किया गया है। उत्सव भवन में शादी-विवाह के आयोजन समेत अन्य आयोजन हो सकेंगे।
कोट
पूर्व में जो टेंडर जारी किया गया था, जितने आवेदन आए थे कोई भी फर्म मानक पर नहीं आया। तकनीकी खामियां अधिक पाई गईं, जिसके बाद उसको कैंसिल कर दिया गया। अब नए सिरे से टेंडर निकाला गया है।
-घनश्याम सागर, डीपीआरओ, बस्ती।
-