बस्ती। बसंत पंचमी को बीते हफ्ते भर होने के बावजूद प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की अयोध्या में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। जिसकी वजह जिले के फोरलेन से लेकर राम जानकी मार्ग तक जाम से जूझ रहा है। अचानक जाम लगता है तो वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। हालांकि फुटहिया, कप्तानगंज और छावनी से ज्यादातर वाहनों का डायवर्जन किया जा रहा है, लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हो पा रही है।
विक्रमजोत संवाद के अनुसार बड़े वाहनों के आवागमन पर पूर्ण पाबंदी लगाई गयी है। हाईवे के परशुरामपुर थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी घघौवा के प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि माघी पूर्णिमा स्नान को लेकर अभी और भीड़ बढ़ने की सम्भावना है। हाईवे पर डायवर्जन पूरी तरह लागू है। हाईवे पर रोज आने वाले जैसे स्कूली शिक्षकों व अन्य सरकारी व आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को ही आवागमन मिल रहा है। बड़े वाहनों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।