बस्ती। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला अस्पताल परिसर में ‘सघन जागरूकता अभियान’ का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजीव निगम और प्रमुख अधीक्षक डाॅ. अनिल कुमार द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य एचआईवी एवं अन्य यौन एवं संचारी रोगों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समयबद्ध जांच, शीघ्र पहचान, उपचार एवं आवश्यक सेवाओं से जोड़ना है।
सघन जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, टीबी एवं एसटीआई की जांच, परामर्श एवं आवश्यक उपचारध्दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। विशेष शिविर में डाॅ. महेश प्रसाद, डाॅ. ओपीडी द्विवेदी, अखिलेश सिंह, सुभाष चंद्र समेत दिशा क्लस्टर एवं एनएसीपी के स्टाफ एआरटी, एसएसके, आईसीटीसी, डीएसआरसी, टीआई, एलडब्ल्यूएस एवं सीएससी 2.0 टीम ने प्रतिभाग किया। अभियान के माध्यम से लोगों को एचआईवी के संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा जांच कराने तथा उपचार के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
यह जानकारी देते हुए ग्रामीण विकास सेवा समिति के सचिव अम्बुज यादव ने बताया कि अभियान अगले दो माह तक जिले के सभी ब्लॉकों एवं ग्राम पंचायतों में संचालित होगा।