आपदा के तीन दिन के भीतर बीमा कंपनी करे सत्यापन : डीएम
बस्ती। बीमा कंपनी को कार्य एवं आचरण में सुधार लाने का निर्देश देते हुए डीएम सौम्या अग्रवाल ने आपदा के तीन दिन के भीतर स्थलीय सत्यापन पूरा करने के लिए कहा है। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय खरीफ गोष्ठी में निर्देश दिया है कि बीमा योजना के बारे में किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गोष्ठी करें।
बैठक में डीएम ने कहा कि खरीफ 2019 में 24286 किसानों का बीमा हुआ तथा मात्र 2269 किसानों को 6410080 रुपये वितरित किए गए। 2019 में 33260 किसानों का बीमा किया गया, लेकिन मात्र 1676 किसानों को 167237 रुपये वितरित किए गए। कहा कि बीमा कंपनी की ओर से लापरवाही पाए जाने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। उप निदेशक कृषि को निर्देश दिया कि बीमा कंपनी के कार्यों की निरंतर मानीटरिंग करें तथा उन्हें रिपोर्ट दें।
कहा कि पिछले वर्ष 72 बाढ़ क्षेत्र के गांवों में फसल खराब हुई थी, लेकिन बीमा कंपनी की ओर से मात्र तीन गांव के किसानों का क्षतिपूर्ति दी गई। जिलाधिकारी ने इस संबंध में बीमा कंपनी का स्पष्टीकरण तलब किया है। इस लापरवाही के लिए कराई गई एफआईआर की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी है। इस अवसर पर जिलाधिकारी और भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने खरीफ अभियान पुस्तिका का विमोचन किया।
बैठक में सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम अभय कुमार मिश्र, लीड बैंक मैनेजर अविनाश चंद्रा, सहायक निबंधक सहकारिता प्रेमचंद्र प्रजापति, सहायक अभियंता डॉ. राजेश कुमार, संदीप कुमार वर्मा, मायाराम यादव, एसके चक्रवर्ती, अरविंद आनंद, किसान राघवेंद्र शुक्ल, रामाज्ञा शर्मा, शिव प्रसाद चौहान, इंद्रजीत, परमानंद सिंह, विनय कुमार, अजीत सिंह यादव, गौरी शंकर उपस्थित थे।