प्रमुख पद के प्रत्याशी के पति ने लगाया लूट का आरोप
बभनान/बस्ती। गौर ब्लॉक से प्रमुख पद की प्रत्याशी कांति शुक्ला के पति ने तीन लाख रुपये लूटे जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। यह आरोप गौर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख पर लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गौर थाना क्षेत्र के छितहा गांव निवासी जटाशंकर शुक्ल की पत्नी गौर ब्लॉक से भाजपा की समर्थित उम्मीदवार हैं। उन्होंने गौर पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बुधवार को पीड़ित के भतीजे अमित शुक्ला अपनी गाड़ी से दुबौला से टिनिच होते हुए गौर बाजार आ रहे थे। उनकी गाड़ी में तीन लाख रुपये थे।
रकम को पूर्व प्रमुख और उनके साथियों ने टिनिच रेलवे क्रॉसिंग के समीप गाड़ी रुकवा कर लूट लिया। विरोध करने पर भतीजे के सिर पर पिस्टल तान दी। प्रभारी निरीक्षक गौर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। चौकी प्रभारी टिनिच को मामले की जांच सौंपी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।