- डीटीसी सेंटर में दूसरे दिन 18 स्कूली वाहनों का फिटनेस
- कागजात और वाहन में गड़बड़ी मिलने की जाएगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर स्कूल वाहनों को फिट रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अब स्कूल वाहन के पेपर से लेकर इंजन एवं बाॅडी सब दुरुस्त कराया जा रहा है। इसके लिए दो दिनों से ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर में शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में दूसरे दिन सोमवार को 18 स्कूली वाहनों जांच में फिट पाए गए। वहीं जिन वाहनों में गड़बड़ी मिल रही है, उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
विभाग ने संबंधित स्कूल संचालकोें से प्रक्रिया पूरी कराकर इन वाहनों का फिटनेस जारी किया, जबकि पहले दिन 15 स्कूल वाहनों का फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया गया था। दो दिनों में कुल 33 स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाण जारी किए गए, जबकि लगभग 30 से 40 वाहनों को खामियां दुरुस्त कराने के साथ इंश्योरेंस, प्रदूषण आदि प्रपत्र सही कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में कुल 1182 स्कूल वाहन पंजीकृत हैं, इसमें से 410 वाहनों की फिटनेस एवं 365 वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके हैैं। विभाग नेे इन्हें चिह्नित कर शिविर के माध्यम से अपडेट कराने की मुहिम चला रही है।
इस संबंध में एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि जिले के सभी स्कूल प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य विद्यालय के वाहनों का फिटनेस, परमिट अपडेट कराने के लिए शिविर का लाभ उठाए। यदि लोग इसमें रूचि नहीं दिखाएंगे तो प्रवर्तन के दौरान बिना फिटनेस एवं परमिट के पकड़े गए स्कूल वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।
टेंपो को भी कागजात कराना होगा अपडेट
परिवहन विभाग ने जिले में संचालित ऑटो/ टैंपो वाहन चालकों को निर्देशित किया है कि तीन दिनों के अंदर वाहनों के समस्त प्रपत्र अप-टू-डेट करा लेें। इसके बाद चेकिंग अभियान शुरू होगा। इस दौरान प्रपत्र पूर्ण न होने जुर्माने के साथ कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि परमिट समाप्त होने पर 10000 रुपये, फिटनेस समाप्त होने पर 5000, बीमा समाप्त होने पर 2000, प्रदूषण समाप्त होने पर 10000 का जुर्माना लगाया जाएगा। यदि कोई वाहन इस अभियोग में पूर्व में भी चालान पाया गया तो जुर्मानेे की धनराशि दोगुनी हो जाएगी।