बस्ती। जिला स्वच्छता समिति की बैठक में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने सभी ग्राम पंचायतों में रोस्टर के अनुसार सफाई के निर्देश दिए। सभी सामुदायिक शौचालयों को भी क्रियाशील कराने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए अवशेष ग्रामों को वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में सम्मिलित करने के लिए कहा। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीडब्ल्यूएमयू) की स्थापना तक निकट के एमआरएफ सेंटर पर प्लास्टिक अपशिष्ट ले जाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने सामुदायिक शौचालयों को ब्लॉक स्तर से निरीक्षण और कंट्रोल रूम से पूछताछ के माध्यम से क्रियाशील रखने के लिए कहा।
स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 के लिए समस्त ग्राम पंचायतों में लोगो, वाल पेंटिंग, साफ सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सीडीओ सार्थक अग्रवाल, सीएमओ डाॅ. राजीव निगम, पीडी राजेश कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।