पुरानी बस्ती। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बस्ती रेलवे स्टेशन की भव्य इमारत तैयार हो गई है लेकिन यात्रियों और वाहनों की बढ़ती संख्या के मुकाबले पार्किंग की जगह कम पड़ रही है। बृहस्पतिवार को स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने पार्किंग व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए छह मीटर चौड़े नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू कराने को कहा।
महाप्रबंधक सुबह 11:50 बजे सड़क मार्ग से स्टेशन पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कराए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया। पार्किंग स्थल की क्षमता कम मिलने पर उन्होंने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग बेहतर व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। कहा कि दोपहिया वाहनों की पार्किंग इस तरह की जाए कि चारपहिया वाहनों के लिए निर्धारित जगह प्रभावित न हो और यात्रियों को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।
निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने बताया कि स्टेशन की मुख्य इमारत तैयार हो चुकी है। बारिश के बाद फिनिशिंग का काम कराया जाएगा। पुनर्विकास कार्यों में जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों को अंतिम रूप देने से पहले स्थानीय लोगों और रेल सलाहकार समिति के सदस्यों से भी सुझाव लिए गए हैं, ताकि यात्रियों की जरूरत के मुताबिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस दौरान सीपीएम लखनऊ, सीनियर डीएन, सीनियर डी, डीसीआई हासिर बेग, स्टेशन मास्टर अंजनी श्रीवास्तव, सीटीटीआई समीम अहमद, आरपीएफ इंस्पेक्टर मिर्जा राशिद बेग और जीआरपी इंस्पेक्टर बांकेलाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
छह मीटर चौड़ा बनेगा नया फुट ओवरब्रिज
स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही अधिक होने से मौजूदा फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है। इसे देखते हुए छह मीटर चौड़े नए फुट ओवरब्रिज को मंजूरी दी गई है। महाप्रबंधक ने बताया कि इसका निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। इससे यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में सहूलियत मिलेगी और मौजूदा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ का दबाव कम होगा।
खाली रेलवे भूमि पर लगाए जाएंगे फलदार पौधे
स्टेशन परिसर में बंदरों के आतंक और यात्रियों की सुरक्षा के सवाल पर महाप्रबंधक ने रेलवे की खाली जमीन पर बाग-बगीचे विकसित करने की योजना बताई। उन्होंने कहा कि तीनों मंडलों में खाली पड़ी रेलवे भूमि पर फलदार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि बंदरों को वहां भोजन मिल सके और उनका स्टेशन परिसर में आना कम हो। जरूरत पड़ने पर इस काम में नगर निकाय का भी सहयोग लिया जा सकता है।
63 करोड़ से बन रहे फ्लाईओवर का भी किया निरीक्षण
स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद महाप्रबंधक ने गेट संख्या 198 (शुगर मिल) पर 63 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रेलवे फ्लाईओवर का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में मिली कमियों को दूर करने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।