बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी विद्यालयों में 17 नवंबर से परीक्षा प्रारंभ हो जाएगी। पांच दिन तक दो पॉलियों में लगातार यह परीक्षा कराई जाएगी। विभाग की तरफ से परीक्षा की समय सारिणी जारी कर दी गई है। पहली पॉली की परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक और द्वितीय पॉली की परीक्षा दिन में 12.30 से 2.30 बजे तक होगी।
अर्द्धवार्षिक 21 नवंबर को समाप्त हो जाएगी। कक्षा एक में सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होनी है। जबकि कक्षा दो से पांच तक लिखित और मौखिक दोनों आधार पर परीक्षा कराई जाएगी। कक्षा दो एवं तीन में लिखित एवं मौखिक परीक्षा का अधिभार 50- 50 प्रतिशत होगा। जबकि कक्षा चार एवं पांच में लिखित एवं मौखिक परीक्षा के अधिभार का अनुपात 70-30 प्रतिशत होगा। यह परीक्षा कुल 50 अंकों की होगी। जिसमें 10 अंक के बहुविकल्पीय प्रश्न, 10 अंक के अति लघु उत्तरीय प्रश्न, 20 अंक के लघु उत्तरीय प्रश्न एवं 10 अंक के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे। प्रश्न पत्रों का प्रकाशन बेसिक शिक्षा विभाग को जिला स्तर पर कराना है। गोपनीय ढंग से विद्यालयवार इसका वितरण किया जाएगा। इसके लिए सभी खंड शिक्षाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
कुल 2071 विद्यालयों में होनी है परीक्षा
बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित कुल 2071 परिषदीय विद्यालयों में अर्द्ध वार्षिक परीक्षा कराई जाएगी। इसमें 1436 प्राथमिक विद्यालय, 334 उच्च प्राथमिक, 301 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। जबकि 13 जूनियर स्तर के कस्तूरबा विद्यालयों में भी यह परीक्षा निर्धारित समय सारिणी पर कराई जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। विभागीय स्तर से सभी कक्षाओं के प्रश्न पत्र तैयार कर प्रकाशन के लिए दे दिए गए हैं। खंड शिक्षाधिकारियों की देखरेख प्रश्नपत्रों का वितरण कराया जाएगा। परीक्षा निर्धारित समयसारिणी के अनुसार कराई जाएगी।
अनूप कुमार तिवारी, बीएसए।