बस्ती। आपातकालीन सेवा यूपी-112 को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पीआरवी कर्मियों की एक समीक्षा गोष्ठी का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने की।
समीक्षा बैठक के दौरान पीड़ितों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने, कॉलर संतुष्टि प्रतिशत में वृद्धि करने तथा रिस्पांस टाइम में निरंतर सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एवं डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के 10 बिंदुओं की रैंकिंग में जनपद बस्ती की स्थिति को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आगामी नववर्ष को देखते हुए पीआरवी कर्मियों को भीड़भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त करने, पूर्ण सतर्कता बरतने तथा सजग रहते हुए ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त मैनुअल के अनुरूप वर्दी धारण करने, पीआरवी वाहनों को स्वच्छ रखने, जनता से शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा प्रत्येक कार्यक्रम से संबंधित साक्ष्यों की फोटोग्राफी/वीडियोग्राफी करने के निर्देश दिए गए। गंभीर घटनाओं की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने पर विशेष बल दिया गया।