बस्ती। भानपुर के सीएचसी के बगल संचालित दो अल्ट्रासाउंड सेंटर पर नोडल अधिकारी ने मंगलवार को जांच की। पहले टीम पब्लिक डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंची। यहां जांच के दौरान सेंटर बेसमेंट में संचालित मिला। जिसमें वेंटीलेशन की सुविधा नहीं मिली। इस पर नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. एके चौधरी ने संचालक को चेतावनी देते हुए एक सप्ताह के भीतर मानक के अनुसार सुविधा मुहैया कराने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि समय से व्यवस्था न करने पर संबंधित सेंटर पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि यह शिकायत राहुल सिंह निवासी बड़ेवन ने लिखित रूप से आयुक्त बस्ती मंडल से की थी, जिसके बाद अपर आयुक्त ने एडी हेल्थ बस्ती मंडल को पत्र भेजकर सीएमओ को आवश्यक जांच कराने के लिए निर्देशित किया, जिसके क्रम में डिप्टी सीएमओ ने जांच की। वहीं, सीएचसी भानपुर के निकट ही संचालित साईं डायग्नोस्टिक सेंटर पर भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय मरीज न ही चिकित्सक नहीं मिले। संचालक उपस्थित थे, जिनसे मशीन के अवलोकन कराने के लिए कहा गया। मशीन के अवलोकन में पाया गया कि उस पर कोई मेकमॉडल सीरियल नंबर नहीं है, जिसके क्रम में संचालक को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर मशीन क्रय संबंधित बिल वाउचर कार्यालय में प्रस्तुत करें, नहीं तो सेंटर पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान आसपास खलबली रही। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत जो भी सेंटर संचालित नहीं पाए जाएंगे, कार्रवाई की जाएगी।