संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। सीएचसी के सामने पैथोलॉजी व एक्स-रे सेंटरों की जांच करने पहुंची टीम को देखते ही अधिकतर संचालक शटर गिराकर मौके से खिसक गए। बमुश्किल एक-दो सेंटरों की जांच टीम कर पाई। सभी संचालकों को एक सप्ताह में सभी अभिलेखों सहित उपस्थित होने की नोटिस भेजा जा रहा है।
मंगलवार की दोपहर एसीएमओ डॉ. एसबी सिंह के साथ सीएचसी अधीक्षक बृजेश कुमार शुक्ला अस्पताल गेट के सामने संचालित हो रहे पैथोलॉजी व एक्स-रे सेंटरों की जांच करने पहुंचे। जांच टीम देखकर संचालकों में खलबली मच गई। करीब आधा दर्जन पैथाेलॉजी व एक्स-रे केंद्र के संचालक धड़ाधड़ शटर गिराकर मौके से निकल गए।
टीम केवल लाइफ लाइन, सलिल और बरहपुर पैथोलॉजी व एक्स-रे सेंटर की जांच कर पाई। एसीएमओ ने बताया कि लाइफ लाइन आर दो अन्य सेंटरों पर खामियां मिली हैं। इन सेंटरों पर कोई प्रशिक्षित डाॅक्टर व अनुभवी डिप्लोमाधारी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं मिला। केंद्र संचालन के लिए इन केंद्रों पर स्पेशलिस्ट डॉक्टर या डिप्लोमाधारी कर्मी होना जरूरी है। इनके मौजूदगी के बिना केंद्र संचालित नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा अस्पताल के पास संचालित अनंता, हिंद, अवध, सिंह सहित अन्य केंद्रों के संचालक शटर बंद कर भाग गए थे।