सांऊघाट कस्तूरबा विद्यालय में मिली खामियां, वार्डेन का काम कर रहे थे लेखाकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सांऊघाट स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का सोमवार को बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ला ने निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डेन का काम लेखाकार करते मिले। बीएसए ने वार्डेन माधुरी त्रिपाठी को निर्देश दिया कि कमियों को दुरुस्त कर 15 दिन के अंदर फोटोग्राफ सहित बीएसए कार्यालय को सूचित करें। अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में विद्यालय की दीवारें बदरंग मिलीं। प्लास्टर जगह-जगह से उखड़ा हुआ मिला और दीवारों की रंगाई-पुताई भी नहीं कराई गई है। शौचालय में टाइल्स व दरवाजा लगा है, और गंदगी से भरा हुआ है। छात्राओं के सोने के बिस्तर अत्यधिक खराब स्थिति में मिले। फर्श टूटी और वाश बेसिन में गंदगी मिली। मौके पर हैंडवॉश भी नहीं मिला। वार्डेन के कक्ष में सहायक लेखाकार कार्य निपटाते मिले और कक्ष में टाइल्स भी नहीं लगाई गई है। कंप्यूटर सिस्टम टीएलएम हॉल में न होकर अन्यत्र रखा गया था। बीएसए ने बताया कि निरीक्षण में तमाम खामियां मिलीं हैं। जिसे ठीक कराने का निर्देश दिया गया है। अन्यथा वार्डेन पर कार्रवाई की जाएगी।